कासगंज। पटियाली क्षेत्र में 7 जून को युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था। इस मामले में युवक के पिता ने बहू और उसके मायके के पांच लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं मृतक की पत्नी ने भी ससुराल के आठ लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दोनों ओर से कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अंशू (22) पुत्र संतोष कुमार निवासी रतनपुर फतिहापुर पटियाली का शव ग्राम टोडरपुर के समीप बाग में आम के पेड़ पर 7 जून को लटका हुआ मिला था। वह 4 जून को पत्नी के साथ ससुराल सोना जानकीपुर, नबाबगंज फर्रुखाबाद गया था। पिता का आरोप है कि उनकी पुत्रवधू रीना अंशू को पसंद नहीं करती थी। जिसके चलते उसकी पत्नी रीना व उसके मायके पक्ष के संजू, विमलादेवी, सोनू एवं दाताराम ने मिलकर उसकी हत्या कर दी है। पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कोर्ट के आदेश पर अंशू की पत्नी रीना व अन्य परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वहीं दूसरी ओर से रीना का आरोप है कि उसके ससुरालीजन दहेज में कार की मांग कर रहे थे। 4 जून को उसकी मारपीट की गई। इस कारण अंशू उसे छोड़ने मायके आया हुआ था। जिसके बाद वह 6 जून को वहां से चला आया। उसने आम के पेड़ से लटकर आत्महत्या की है। पुलिस को भी मामले की तहरीर दी गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि दोनों ही पक्षों की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामलों की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।