आगरा। नगर निगम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 138 चिह्नित स्थलों पर कुल 2,74,600 पौधे लगाए। अभियान का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने ताजगंज स्थित मोक्षधाम में पीपल और बरगद के पौधे लगाकर किया। वहीं, नगर आयुक्त ने कैंप कार्यालय और शास्त्रीपुरम में पौधरोपण कर सहभागिता निभाई। इस महाभियान के तहत नगर के सभी 100 पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में और निगमकर्मियों ने अपने दो-दो जोनों में सघन पौधरोपण किया। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में पौधों के रोपण के साथ-साथ उनकी नियमित निगरानी व सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। ब्यूरो