मुगलिया सल्तनत की राजधानी रही सीकरी में मुगलिया बाजार को सहेजने की कवायद जारी है। राजस्थान से आने वाले व्यापारियों, मेहमानों के लिए हिरन मीनार के पास बनी कारवां सराय के नजदीक मुगलिया बाजार था, जो जमींदोज हो चुका है। इनमें 14 दुकानों के अवशेष मिले हैं, जिनका संरक्षण कर एएसआई मूर्त रूप देने में जुटा है।
मुगल शहंशाह अकबर की राजधानी रही फतेहपुर सीकरी में राजस्थान से आने वाले व्यापारियों के लिए कारवां सराय बनाई गई। सराय के पास ही बाजार विकसित हुआ, जिसे मुगलिया बाजार का नाम दिया गया है। संरक्षण के अभाव में यह बाजार खंडहर में बदल गया। एएसआई ने कारवां सराय और बाबर की बावली के संरक्षण के दौरान मुगलिया बाजार का संरक्षण भी शुरू कर दिया। एएसआई वरिष्ठ संरक्षण सहायक मुनज्जर अली के मुताबिक सराय के पास 14 दुकानों के अवशेष मिले हैं। इनका संरक्षण जारी है। जल प्रणाली के साथ ही बाजार का संरक्षण हो जाने के बाद पर्यटक इन्हें देख पाएंगे।