मैनपुरी। जिले में जल्द एक एमएसएमई पार्क की स्थापना होने जा रही है। उप्र सरकार की प्लेज (प्रमोटिंग लीडरशिप एंटरप्राइजेज फॉर डेवलपमेंट एंड ग्रोथ) योजना के तहत इसको स्थापित किया जाएगा। इस पार्क की स्थापना के लिए रेरा पंजीकृत बिल्डर की तलाश की जा रही है।
एमएसएमई पार्क के लिए फिलहाल जिले में जमीन की तलाश की जा रही है। जिला उद्योग केंद्र के जरिये इसकी स्थापना कराई जाएगी। उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चंद्र ने बताया कि कम से कम 10 एकड़ जमीन पर इस पार्क की स्थापना की जाएगी। प्रत्येक यूनिट स्थापना के लिए यहां एक एकड़ के प्लाट विकसित किए जाएंगे। रेरा पंजीकृत बिल्डर को इस पूरी योजना को अंजाम देना है। बिल्डर ही जमीन खरीदेगा और पार्क को विकसित कर प्लाट आवंटन करेगा। सरकार योजना के तहत बिल्डर को प्रति एकड़ के हिसाब से 50 लाख रुपये पहले तीन साल के लिए एक प्रतिशत ब्याज और अगले तीन साल के लिए 6 प्रतिशत ब्याज पर बैंक से रकम उपलब्ध कराएगी।
ज्यादा एनओसी का झंझट नहीं
उपायुक्त उद्योग के अनुसार इस एमएसएमई पार्क में 75 फीसदी यूनिट एमएसएमई की होंगी। अन्य 25 फीसदी भारी उद्योग की होंगी। इस पार्क की खास बात यह होगी कि यहां उद्यमी को प्लाट लेने के बाद सिर्फ अग्निशमन और भू गर्भ जल के संबंध में एनओसी लेनी होगी। अन्य सभी एनओसी पहले से स्वीकृत मिलेंगी।
एनसीआर के कई बिल्डरों ने साधा संपर्क
एक प्रकार के पीपीपी मॉडल पर स्थापित होने वाले इस एमएसएमई पार्क को विकसित करने के लिए एनसीआर के कई बिल्डर प्रशासन के संपर्क में है। प्रशासन इन बिल्डरों की पूरी तहकीकात करा रहा है।
सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को लगेंगे पंख
जिले में अभी तक कोई भी एमएसएमई पार्क स्थापित नहीं हुआ है। यह पहला पार्क होगा। इसके विकसित होने के बाद जिले के जरी जरदोजी और तारकशी उद्योग से जुटी छोटी इकाइयों को यहां लाभ मिलेगा। इसके अलावा नमकीन-बिस्किट से लेकर अन्य लघु उद्योगों की भी यहां यूनिट लगेंगी। इससे जिले के युवाओं को रोजगार मिलेगा।