किरावली फोटो विधायक चौधरी बाबूलाल
आगरा। जिले में हो रहे विकास कार्यों के शिलान्यास से लेकर उनको लाने का श्रेय लेने के लिए जनप्रतिनिधियों में खींचतान तेज हो गई है। पिछले एक हफ्ते में दूसरी बार किसी योजना को लेकर विवाद हुआ है। दो दिन पहले बाह में एक महाविद्यालय को लेकर सांसद राजकुमार चाहर ने उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों पर शिलान्यास की जानकारी देने में देरी और चर्चा न करने का आरोप लगाया था। इस आरोप के बहाने उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पर निशाना साधा।
अब फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कों को लेकर सांसद राजकुमार चाहर और विधायक चाै. बाबूलाल के बीच जोर आजमाइश शुरू हो गई है। दोनों ने इनका श्रेय लिया है। दोनों ने दावा किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद किया जिसके चलते सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली। फिलहाल असल में किसकी वजह से सड़क बनेगी यह तो बाद में स्पष्ट होगा। हालांकि स्थानीय लोगों को इन सड़कों के निर्माण से राहत जरूर मिलेगी।
फतेहपुर सीकरी के विधायक चौ. बाबूलाल के प्रतिनिधि डाॅ. रामेश्वर सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि चौ. बाबूलाल के प्रयास से 1.81 करोड़ रुपये से दो सड़कों का निर्माण होगा। इनमें किरावली भवनपुरा से कुंडा वाले हनुमान मंदिर नगला बहरावती तक 1.10 करोड़ से सड़क का नवनिर्माण व सामरा उत्तू मार्ग से ताल वाले हनुमान जी मंदिर तक 1.07 किमी सड़क का निर्माण 71.07 लाख रुपये से होगा। दावा किया कि विधायक ने मुख्यमंत्री के लिए इसके लिए पत्र लिखा था। इस पर सीएम ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए और अब दोनों सड़कों के लिए स्वीकृति मिली है।
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने बयान जारी कर संसदीय क्षेत्र में 2.67 करोड़ रुपये से तीन सड़कें बनने का दावा किया है। इसमें कहा गया कि सांसद की मांग पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर धर्मार्थ योजना के तहत किरावली भवनपुरा से कुंडा वाले हनुमान मंदिर तक 1.10 करोड़ से और सामरा–उत्तू मार्ग से ताल वाले हनुमान जी मंदिर तक 71.07 लाख रुपये से सड़क का निर्माण होगा। इसके अलावा पिन्नापुरा मार्ग से नई आबादीशाला मार्ग तक सड़क का निर्माण 85.49 लाख रुपए की लागत से होगा। तीनों सड़कों के निर्माण के लिए सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विशेष अनुरोध किया था।