काली माता मंदिर के विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए सांसद राजकुमार चहर।
- फोटो : katra news
फतेहपुर सीकरी। कस्बे के नगला मालियान स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में 68 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का रविवार को सांसद राजकुमार चाहर ने लोकार्पण किया।
समारोह में सांसद ने कहा कि सीकरी क्षेत्र में पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार से 4,000 करोड़ रुपये की गंगाजल योजना पर कार्य चल रहा है, जिसके अगले वर्ष तक शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने दुल्हारा और दूरा रोड पर ओवरब्रिज, संतोष नगर में फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए रेल मंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया। साथ ही लंबे समय से बंद पड़ी शटल ट्रेन को दोबारा शुरू कराने के प्रयास करने की बात भी कही।
सांसद ने बताया कि काली माता मंदिर के साथ-साथ कस्बे के प्राचीन जय श्रीराम मंदिर के विकास का प्रस्ताव भी प्रदेश सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि मोहम्मद इस्लाम ने अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी सांसद को सौंपे। इस दौरान सांसद राजकुमार चाहर का 51 किलो की माला, साफा और चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूरन सिंह सैनी ने की। संचालन नवीन सोनी ने किया। इस मौके पर गुड्डू चाहर, नारायण सिंह सैनी, विनोद सांमरिया, मुरारीलाल गोयल, मनीष बंसल, हनी गोयल, प्रतिमा सिंह और बंटी प्रधान आदि मौजूद रहे। संवाद