उत्तर प्रदेश के आगरा में भारतीय जनता पार्टी के सांसद, मंत्री, विधायक और संगठन के बड़े पदाधिकारी अपने वार्डों में ही कमल नहीं खिला सके। इनके वार्डों में पार्टी प्रत्याशी को करारी हार का सामना करना पड़ा। नतीजे आने के बाद उनके कार्यालयों पर सन्नाटा पसरा रहा।
वार्ड 76 धाकरान वार्ड में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और प्रदेश के संगठन मंत्री विजय शिवहरे का निवास है। इस वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को निर्दलीय ने हराया। इसी तरह वार्ड 24 मोहनपुरा राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का वार्ड है। यहां भाजपा प्रत्याशी नहीं जीत सका। नगर निकाय चुनाव के संयोजक डॉ. जीएस धर्मेश भी अपना वार्ड नहीं बचा सके। उनके वार्ड 19 में पार्टी हार गई।
यहां हुई सबसे बड़ी हार
सबसे बड़ी हार भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा की हुई। उनके पुत्र अमरेश नगला पदी वार्ड 73 से चुनाव हार गए। वहीं जिले की पांच नगर पालिकाओं में भी उनके नेतृत्व में हार का सामना करना पड़ा। भाजयुमो ब्रज क्षेत्र के महामंत्री गौरव राजावत के वार्ड में भी पार्टी प्रत्याशी की हार हुई है।
अपने क्षेत्र में ये भी नहीं जिता सके
ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के वार्ड विजय नगर, बारह खंभा वार्ड 21 में ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा, वार्ड 45 में भाजपा महानगर महामंत्री रश्मि धाकड़, शहीद नगर वार्ड 77 में पूर्व महानगर अध्यक्ष नगेंद्र गामा दुबे भी अपने वार्ड में पार्टी प्रत्याशी को नहीं जिता सके। इसके अलावा महापौर टिकट की दावेदार रहीं अनीता खरे भी अपने वार्ड में पार्टी को नहीं जिता सकीं।