आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लगने से वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। चालक समय रहते बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति सामान्य कराई।
आगरा के कुबेरपुर थाना क्षेत्र में पुरानी छलेसर चौकी के पास हाईवे पर मंगलवार रात को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद से आगरा की ओर जा रही स्विफ्ट कार हाईवे की तीसरी लेन में जलती हुई मिली, जो पूरी तरह खाक हो चुकी थी। कार चालक विष्णु कुमार पुत्र फौरन सिंह निवासी नगला तुलसी थाना टूंडला फिरोजाबाद ने बताया कि गाड़ी में अचानक इलेक्ट्रिक सर्किट की वजह से आग लग गई।
उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दे दी गई लेकिन खबर लिखे जाने तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। पुलिस ने बताया कि आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। घटना के दौरान पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर दिया। वाहनों का आवागमन पहली लेन और सर्विस सड़क से सुचारू रूप से जारी रहा। मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं रही। एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार ने बताया कि घटना में कोई जन हानि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।