बाह: पड़कौली में टीला तोड़ा, नीम के पौधे उखाड़े
बाह। पड़कौली गांव में बांध निर्माण के नाम पर टीला तोड़े जाने एवं नीम के पौधे उखाड़े जाने का मामला सामने आया है। मामले में वन विभाग ने केस दर्ज किया है, जबकि टीला ढहाने के आरोप की जांच एवं कार्रवाई के लिए एसडीएम को पत्र लिखा गया है।
पड़कौली गांव में बांध के निर्माण के लिए जेसीबी से टीले को ढहाए जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। पौधे भी नष्ट किए जाने का आरोप लगे हैं। मामला वन विभाग तक पहुंचा है। मिट्टी खुदाई बीहड़ से किए जाने का आरोप लगा है। ग्राम प्रधान पड़कौली शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बीहड़ से मिट्टी के कटान का आरोप निराधार है। क्षतिग्रस्त बंधे की मरम्मत कराई गई है। कोई पौधा उखड़ा होगा तो उसकी जगह पर पौधरोपण कराएंगे।
बाह के रेंजर अमित कुमार ने बताया कि शिकायत पर वन विभाग की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया है। मौके पर संरक्षित श्रेणी में रखे गए नीम के 5 पौधे उखड़े पड़े मिले हैं। जेसीबी संचालक के खिलाफ उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 1976 के तहत केस दर्ज किया है। वहीं बांध का निर्माण बीहड़ क्षेत्र में होना नहीं पाया गया है। मामले में जांच एवं कार्रवाई के लिए बाह के एसडीएम को पत्र लिखा गया है।