बटेश्वर मे घटना स्थल पर पहुंची पुलिस जानकारी लेती हुई
- फोटो : गुरुगुज पुरवा गांव के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण।
बटेश्वर। तीर्थ धाम बटेश्वर के मोहल्ला पजाय में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नकाबपोश बाइक सवारों ने एक युवक को घेरकर पीटा। बीच-बचाव करने आए उसके पिता पर भी हमला कर दिया। दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने कई कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। गोलियों की आवाज से इलाके के लोग सहम गए।
मोहल्ला पजाय निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि सोमवार की दोपहर बाइक से आए लोगों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब उसके पिता पप्पू बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। पीड़ित के मुताबिक हमलावर मुंह बांधे हुए थे और उनके पास तमंचे थे। पिता-पुत्र को पीटने के बाद हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए करीब चार-पांच राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। फायरिंग करते हुए बदमाश सीधे सत्यवीर उर्फ टाटा के घर पहुंचे, लेकिन वहां किसी के न मिलने पर धमकियां देते हुए भाग निकले।
वहीं, घटना की सूचना पर पीआरवी 112 और थाना बाह प्रभारी सत्यदेव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सत्यवीर उर्फ टाटा के घर जाकर भी जानकारी जुटाई। पुलिस घायल पिता-पुत्र को अपने साथ थाने ले गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। दिनदहाड़े हमले और फायरिंग की घटना से बटेश्वर में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच और हमलावरों की तलाश की जा रही है।