आगरा-मथुरा हाईवे पर भगवती ढाबे के सामने रविवार की दोपहर बाइक पर सवार दंपति और उनका बेटा कंटेनर की चपेट में आ गए। मां-बेटे कंटेनर में फंसकर कई मीटर तक घिसटते चले गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे से हाईवे पर पौन घंटे तक जाम के हालत बने रहे।
सिकंदरा के गांव लौहकरेरा के रामप्रकाश जयपुर में निजी बैंक में कार्यरत हैं। उनके परिवारीजनों ने बताया कि रामप्रकाश के दो बच्चे अभि (4) और हिमांशी (7) हैं। अभि की बीमारी की जानकारी पर दो दिन पहले रामप्रकाश गांव लौटे थे। रविवार सुबह पत्नी चांदनी (25) और अभि को लेकर सिकंदरा स्थित एक हास्पिटल गए थे। वहां से दोपहर करीब सवा बजे बाइक से घर लौट रहे थे।
हाईवे पर भगवती ढाबा के सामने बने कट पर आगरा की ओर से ही तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उन्हें चपेट में ले लिया। चांदनी और अभि कंटेनर की मौत हो गई, रामप्रकाश घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम भिजवाए। बाद में कंटेनर को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। दो मौताें से घर में कोहराम मच गया।
बवाल की आशंका पर दौड़ी फोर्स
हाईवे पर हादसे का शिकार हुए दंपति और बालक लौहकरेरा गांव के थे। गांव से दर्जनों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बवाल की आशंका पर सर्किल की फोर्स को बुलाया गया। ग्रामीणों को पुलिस अधिकारियों ने समझा बुझाकर गांव भेजा।