कासगंज। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन दोनों केंद्रों पर 9458 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। पहले दिन मूल्यांकन कार्य में लगे सभी शिक्षक नहीं पहंचे। मूल्यांकन शुरू करने से पहले डीआईओएस ने शिक्षकोंं को परिषद के निर्देशों के बारे में जानकारी दी।डीआईओएस पीके मौर्य ने कहा कि मूल्यांकन कार्य सही ढंग से किया जाए। परीक्षार्थी ने जो लिखा है और वह सही है तो उसके अंक अवश्य दें। उप प्रधान परीक्षक उत्तर पुस्तिका की रेंडम जांच करें। मूल्यांकन कार्य में गलती आने पर परिषद के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्रों को मिलने वाले अंक उत्तर पुस्तिकाओं में साफ-साफ अंकित किए जाएंगे। इसमें ओवरराइटिंग नहीं होगी। किसी स्थिति में अंक बदलने पड़े तो पहले वाले को काटकर दोबारा साफ-साफ लिखा जाएगा और हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके साथ ही मूल्यांकन की गुणवत्ता प्रभावित न हो इसके लिए हाईस्कूल के परीक्षक एक दिन में अधिकतम 50 तथा इंटरमीडिएट के परीक्षक अधिकतम 45 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।बीएवी इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर पहले दिन हाईस्कूल की 8394 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी। पहले दिन 70 में से 61 उप प्रधान परीक्षक, 691 में से 280 परीक्षक मूल्यांकन के लिए पहुंचे। सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कॉलेज केंद्र पर इंटर की 1062 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई। इस केंद्र पर 35 में से 34 उप प्रधान परीक्ष्ज्ञक, 329 में से 143 परीक्षक मूल्यांकन के लिए पहुंचे।