आगरा। खेल भावना और सद्भावना के एक नए संदेश के साथ रिया अस्थाना मेमोरियल मून स्कूल ओलंपिक की मशाल शुक्रवार को बमरौली कटारा के मांगलिक शिक्षा केंद्र पहुंची। स्कूल-दर-स्कूल अभियान के तहत जैसे ही ओलंपिक मशाल और शुभंकर चिंकी विद्यालय परिसर में पहुंचे, बच्चों का उत्साह देखने लायक था।
इस आयोजन में डीपीएस ताज सिटी होस्ट पार्टनर, द इंटरनेशनल स्कूल आगरा वेन्यू पार्टनर और अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। ओलंपिक मशाल और शुभंकर चिंकी को देखकर बच्चों की आंखें चमक उठीं। पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने शुभंकर के साथ फोटो भी खिंचाए। जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राहुल पालीवाल, मून टीवी के निदेशक राजीव दीक्षित और मून संपादक मनीष तिवारी मशाल के साथ विद्यालय पहुंचे। विद्यालय के निदेशक लक्षित मांगलिक, प्रधानाचार्य ओम कुमार गुप्ता, सपना शर्मा, हरीश कुमार, देवेंद्र और बच्चों ने मशाल और मेहमानों का स्वागत किया।
मून परिवार की ओर से खेल भावना और भाईचारे का प्रतीक यह मशाल विद्यालय के बच्चों को सौंपी गई। इस दौरान पूरा माहौल खेल के प्रति समर्पण और जोश से सराबोर नजर आया। विद्यालय परिवार ने आयोजन की पूर्ण सफलता की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को अधिक-से-अधिक संख्या में खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।