मैनपुरी। नवीन मंडी के पास स्थित मोहल्ला राजीव गांधी नगर में बंदरों के उत्पात से लोग परेशान हैं। बंदरों ने 15 दिन में 30 बच्चों को काटकर घायल कर दिया है। भयग्रस्त परिजनों ने बच्चों का खेलना और छत जाना बंद कर रखा है। लोगों ने आईजीआरएस पर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई आज तक नहीं हुई। उनका आरोप है कि अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बंदर बच्चों को देखते ही उन पर हमला कर देते हैं। बचाव के लिए आने वाले मां-बाप व अन्य परिजन भी घायल हो रहे हैं। स्थिति यह है कि एक-एक बच्चे को तीन से चार बार बंदर काट चुुके हैं। मोहल्ला निवासी मनोज कुमार, अजय यादव, विनोद कुमार शर्मा, रविंद्र प्रताप सिंह, जयनरायन सिंह, सोनू, धु्रव कुमार, लालू यादव, ने जिलाधिकारी, वन अधिकारी व नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़वाया जाए। इससे बच्चे आजादी के साथ जीवन जी सकें।
ये बच्चे हैं वर्तमान में घायल
आर्यन, सौम्या, राघव पुत्र व पुत्री मनोज कुमार, नीशू पुत्र अजय यादव, खुशबू पुत्री विनोद कुमार, शिव्या पुत्री रविंद्र सिंह, प्रशांत पुत्र शेर सिंह, अनीता पुत्री जयनरायन सिंह, दीक्षा व आकांक्षा पुत्री सोनू तथा अप्पी आदि को बंदरों ने अपना शिकार बनाया है जो विभिन्न स्थानों पर अपना उपचार करा रहे हैं।
पालिका करती है टालमटोल
स्थानीय लोगों ने बताया कि पालिका केवल टालमटोल करती है। उन्होंने पालिका में शिकायत देकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की। पालिका प्रशासन ने उनके पास व्यवस्था न होने की बात कही। साथ ही आश्वासन दिया कि वन विभाग की मदद से बंदरों को पकड़ने की व्यवस्था कराई जाएगी। शिकायतों को छह महीने का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक एक भी बंदर नहीं पकड़ा गया है।
मोहल्ले में टीम को भेजकर लोगों को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो बंदरों को वन विभाग की मदद से पकड़ा जाएगा।
-लालचंद्र भारतीय, ईओ।