पटियाली। छत पर कपड़े सुखाने गई एक महिला को बंदरों ने काटकर घायल कर दिया। इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया।
कस्बा में बंदरों के उत्पात से लोग परेशान हैं। मोहल्ला काजी निवासी मेहराज (35) पत्नी शबाब मियां मंगलवार को छत पर कपड़े सुखाने गईं। इन दौरान बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुन उन्हें बचाने आए पड़ोसी शरीफ मियां पर भी बंदरों ने हमला कर दिया। शरीफ मियां तो जैसे-तैसे जान बचाकर भाग गए, लेकिन मेहराज को बंदरों ने काटकर बुरी तरह घायल कर दिया। बाद में अन्य पड़ोसियों ने किसी तरह मेहराज को बंदरों से छुड़ाया और इलाज के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया। लोगों का कहना है कि बंदरों के उत्पात से वे परेशान हैं। स्कूल आते-जाते समय बच्चों की चिंता रहती है, कि कहीं बंदर उनपर हमला न कर दें। सभासद मुश्ताक अंसारी, सभासद वीरेंद्र कुमार गुप्ता, राजू श्रीवास्तव, अनूप शाक्य, फैजान, राजेश भारद्वाज, क़ासिम सलमानी, केशव कश्यप, सज्जाद सिद्दीकी, गीतम दिवाकर, सभासद महेश शाक्य, विनीत मिश्रा, मुक़ीम अब्बासी आदि नगरवासियों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।