आगरा। बटेश्वर में शुक्रवार को 9 किमी की मैराथन में 150 से ज्यादा धावक दौड़े। हरियाणा के मोहित यादव इस मैराथन में पहले स्थान पर रहे। उन्हें एक लाख रुपये का इनाम मिला। बागपत के अनुभव तोमर दूसरे एवं मुजफ्फर नगर के अक्षय कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
हर प्रसाद राजाराम आदर्श इंटर कालेज से पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया और पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बटेश्वर मैराथन का शुभारंभ किया। उन्होंने मैराथन को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी के लिए समर्पित किया। बाह की धरती पर जल्द ही मिनी स्टेडियम की आधारशिला रखे जाने की घोषणा की। इसमें दौड़े धावकों का सड़क किनारे पर बसे एमनपुरा, मंगदपुर, खेड़ा देवीदास गांव के लोगों ने तालियां बजाकर जोश बढ़ाया। मैराथन जीतने वाले हरियाणा के मोहित यादव को उनके समर्थकों ने हाथों पर उठा लिया। बागपत के अनुभव तोमर दूसरे, मुजफ्फर नगर के अक्षय कुमार तीसरे, आगरा के आदेश चौथे, मनीष पांचवे, प्रयागराज के रोहित छठवें, मुरैना के विनोद सातवे, मथुरा के गौरव आठवे, फतेहाबाद के बबलू नौंवे, लखनऊ के पंकज यादव दसवें स्थान पर रहे। विजेता मोहित यादव को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर रहे अनुभव को 21 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहे अक्षय कुमार को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। चौथे से ग्यारहवें स्थान पर रहे धावकों को 1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल में कैप्टन रामनरेश कठेरिया, अरुण दुबे, कृपा नरायन शर्मा, मुकेश शर्मा, अल्केन्द्र जादौन, सर्वदमन सिंह भदौरिया, बीटू भदौरिया रहे।
इस दौरान मानवेन्द्र सिंह राठौड़, जिला पंचायत सदस्य महेश कठेरिया, भाव सिंह नरवरिया, सहवीर सिंह दिवाकर, लालसिंह चौहान, सत्यवीर सिंह भदौरिया, सुनील बाबू, रामवरन कुशवाह, शिव कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, ध्रुवराज भदौरिया आदि मौजूद रहे।
वर्ल्ड यूनिवर्सिटी जर्मनी में खेल चुके मोहित
महेन्द्रगढ़ हरियाणा के भूषण गांव के किसान प्रदीप यादव के बेटे मोहित यादव गुरु काशी विश्वविद्यालय पंजाब में बीए फाइनल की पढ़ाई के साथ ही सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में चंडीगढ़ में आयोजित जूनियर मैराथन को जीता था। 2023 में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स जर्मनी में वह पांचवे स्थान पर रहे थे। नांदेड़ में क्राॅस कंट्री दौड़ के सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वह सेना में भर्ती होने के साथ ही देश के लिए विदेशी धरती पर मैराथन में पदक जीतने के लक्ष्य के साथ तैयारी में जुटे हैं। बागपत के किसान बुद्ध प्रकाश के बेटे अनुभव तोमर दिल्ली में आयोजित 10 किमी की मैराथन में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। मुजफ्फर नगर में मजदूर श्रीचंद के बेटे अक्षय कुमार ने बटेश्वर मैराथन में तीसरा स्थान हासिल किया। वह बीते साल विजेता रहे थे। उनका सपना है कि वह गोल्ड मेडल जीतें। प्रयागराज में वह तैयारी कर रहे हैं।