आगरा। नवजात शिशुओं की जीवन-रक्षा के लिए श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट ने अनूठी पहल की है। मंगलवार को प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार और मेटरनिटी होम में उत्तर भारत के पहले आधुनिक मुंशी पन्ना मदर मिल्क बैंक का लोकार्पण किया गया।
मुख्य अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह ने कहा कि यह बैंक उन शिशुओं के लिए जीवनदायी होगा जिनकी माताएं स्तनपान कराने में असमर्थ हैं या जिनकी मृत्यु हो गई है। विशिष्ट अतिथि डॉ. पुष्प लता और डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि मां का दूध अमृत समान है, जिससे कुपोषण रुकेगा और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी।
संरक्षक मुकेश जैन ने बताया कि बैंक में स्थापित पाश्चराइजेशन मशीन दूध के पोषक तत्वों को सुरक्षित रखते हुए बैक्टीरिया मुक्त बनाती है। प्रमुख दानदाता मुंशी पन्ना मसाले परिवार की कृष्णा गोयल व सुलेखा गोयल और प्रेरणास्रोत अशोक कुमार गोयल ने माताओं से दुग्ध दान का आह्वान किया। अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने इसे मानवता की सेवा बताया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, डॉ. सुधा बंसल, डॉ. आरके मिश्रा, कांता माहेश्वरी, रश्मि मगन, मनोज अग्रवाल, राजीव जैन, अंकुर अग्रवाल, सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग और राकेश गर्ग आदि मौजूद रहे।