मैनपुरी। शहर के कचहरी रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र ने शिक्षक से मोबाइल वापस मांगा। आरोप है कि इसी बात पर शिक्षक और प्रधानाचार्य ने छात्र की पिटाई कर दी। मारपीट से दहशत में आया छात्र भागकर एक निजी अस्पताल में छिप गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले गई।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव मंछना निवासी 16 वर्षीय अक्षय कुमार हाईस्कूल का छात्र है। मंगलवार को वह कचहरी रोड स्थित सेंटर एक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने के लिए पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसने मोबाइल एक शिक्षक को दे दिया। जब परीक्षा देकर लौटा तो शिक्षक घर जा चुके थे। उसने प्रधानाचार्य से नंबर लेकर शिक्षक को फोन किया। उनके घर गया तो वह नहीं मिले। स्कूल वापस लौटा तो वहां शिक्षक ने मोबाइल तो लौटा दिया, लेकिन चिप नहीं दी। छात्र चिप वापस मांगी तो प्रधानाचार्य ने थप्पड़ मार दिया। छात्र का आरोप है कि शिक्षक भी उसे पीटने लगा तो वह स्कूल से निकल भागा। शिक्षक भी उसका पीछे मारने के लिए दौड़ा। इस पर छात्र एक निजी अस्पताल में छिप गया। छात्र की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
तहरीर पर हो रही जांच
छात्र की ओर से तहरीर दी गई है। शिकायत की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुदामा लाल, एसएसआई कोतवाली