फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजय जुलूस में आचार संहिता की निकली हवा

Fri, 19 Feb 2016 02:06 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले एमजी रोड पर गुरुवार को फिर से सत्ता का शक्ति प्रदर्शन दिखा। आचार संहिता को ताक पर रख समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एमएलसी प्रत्याशी डा. दिलीप यादव का विजय जुलूस निकाला। करीब 150 गाड़ियों के काफिले ने ट्रैफिक की हवा निकाल दी। इसकी वजह से लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
विज्ञापन

समाजवादी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी डा. दिलीप यादव की जीत तो मंगलवार को ही हसनूराम अंबेडकरी का पर्चा खारिज होने के साथ तय गई थी। मगर, नाम वापसी की औपचारिकता की वजह से उन्हें आधिकारिक रूप से गुरुवार को विजयी घोषित किया गया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी पंकज कुमार ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। नारेबाजी करते हुए उन्हें कलेक्ट्रेट के गेट तक लाए।
कलेक्ट्रेट के बाहर भी कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर रखी थी। करीब 150 कारों का काफिला और लाउड स्पीकर लगी एक मेटाडोर खड़ी थी। डा. दिलीप यादव, जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव और शहर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी खुली जीप में सवार हुए और सायरन बजाते हुए काफिले को लेकर फीरोजाबाद के लिए रवाना हो गए। जुलूस की वजह से एमजी रोड पर यातायात व्यवस्था ठप हो गई।
विज्ञापन

भगवान टाकीज तक जुलूस के पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। उसके बाद वाटर वर्क्स और रामबाग तक पर जाम लग गया। काफिले के रामबाग पुल पार करने के बाद ही शहर की जनता को राहत मिली। इस अवसर पर संगठन प्रभारी विपुल पुरोहित, विधायक छोटेलाल वर्मा, ऊदल सिंह कुशवाह, श्याम भोजवानी, उमेश यादव, राजपाल यादव, दिलीप प्रताप सिंह, निर्वेश शर्मा, लक्ष्मीनरायण वर्मा, मुईन बाबू सहित फीरोजाबाद के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।   
इनबाक्स....
मूकदर्शक बना रहा प्रशासन
चुनाव आचार संहिता के मुताबिक, विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी है। सत्ता के आगे प्रशासन की एक न चली। सपा के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट से निकले। यह हालात तब हैं जब एमएलसी चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट में ही भाजपा प्रत्याशी का अपहरण और उनका पर्चा फाड़ दिया। प्रशासन ने उस घटना से भी सबक नहीं लिया और एमजी रोड पर जुलूस को नहीं रोका गया।
विकास कार्य में नहीं होगा भेदभाव
निर्विरोध निर्वाचन के बाद एमएलसी डा. दिलीप यादव ने कहा कि आगरा और फीरोजाबाद दोनों का उन्हें प्यार मिला है। यह समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों की जीत है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि विकास कार्य अनवरत जारी रहेंगे और आगरा, फीरोजाबाद के बीच किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा।

प्रमाण पत्र मिलने के बाद एमएलसी डा. दिलीप सिंह सीधे फीरोजाबाद गए थे। उनके समर्थक अपनी गाड़ियों में थे लेकिन इस बात का ख्याल रखा गया, शहर में जाम न लगे। इसी का नतीजा है कि जाम नहीं लगा। काफिले के पीछे वाहन जरूर थे, लेकिन किसी को परेशानी नहीं होेने दी गई।
विज्ञापन

- राम सहाय यादव, जिलाध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें