आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के तीन बूथों पर आज दोबारा मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कड़ी सुरक्षा में वोटिंग होगी, जबकि संबंधित मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षक एमएलसी के लिए 23 अक्तूबर को हुए मतदान के दौरान गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के तीन संवेदनशील बूथों (मतदेय स्थलों) पर सोमवार को दोबारा मतदान होगा। तीनों बूथों पर सोमवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक भारी सुरक्षा के बीच वोटिंग होगी। दोबारा मतदान कराने के लिए रविवार शाम को रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां रात तक बूथों पर पहुंच गईं।
विज्ञापन
मंडलायुक्त और आरओ नगेंद्र प्रताप ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा-58A(2)(ए) के तहत तीन मतदेय स्थलों पर मतदान को पूरी तरह शून्य घोषित किया गया। इनमें मतदेय स्थल 20 (तहसील कैंपस खेरागढ़, कक्ष संख्या-01), मतदेय स्थल-21 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया, कक्ष संख्या-01) तथा मतदेय स्थल-26 (क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद, कक्ष संख्या-01) शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। डीएम ने बताया कि उन सभी मतदाताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है, जो इन तीनों मतदेय स्थलों की निर्वाचक नामावली में बतौर मतदाता पंजीकृत हैं। संबंधित कार्यालयों व स्कूलों में सोमवार को अवकाश रहेगा।