विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एत्मादपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित जन कल्याण एवं स्वास्थ्य मेले में अव्यवस्थाएं सामने आने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर ही एसडीएम सुमित कुमार सिंह को संबंधित विभागों और स्टॉलों की समीक्षा कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य मेला तीन दिन तक चलेगा और वह लगातार इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। यदि दोबारा खामियां मिलीं तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।
विधायक ने मेले में मौजूद लोगों से संवाद करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हैष महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर एसडीएम सुमित कुमार सिंह, बीडीओ विजय अग्रवाल, डॉ. अमित अग्रवाल, मनवीर चौहान, मंडल अध्यक्ष श्रीमती स्वदेश बघेल, नरेंद्र सिकरवार, श्रीनिवास, हरिओम यादव, डॉ. आशीष बघेल, प्रधान रमेश बघेल, माधवेंद्र नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।