कासगंज के सोरों के गांव हरनाथपुर के दुग्ध संग्रह केंद्र पर मिलावटी दूध नाली में फेंकते खाद्य विभ?
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। दूध में रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे बेच लोगों की सेहतसे खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को शिकंजा कसा। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने सोरों के गांव हरनाथपुर में दुग्ध संग्रह केंद्र पर छापा मारा। यहां एक क्विंटल मिलावटी दूध और प्रतिबंधित केमिकल भी मिले। एसडीएम ने दूध और केमिकल के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान मिलावटखोर पिता-पुत्र भाग गए। नमूना लेने के बाद दूध नष्ट करा दिया गया।
एसडीएम सदर ललित कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव हरनाथपुर में शिवकुमार पुत्र राजेंद्र सिंह के घर पर दुग्ध संग्रह केंद्र है। यहां प्रतिबंधित दूध में केमिकल मिलाया जाता है। केमिकल हाइड्रोजन परआक्साइड और माल्टो डेक्सट्रिन को दूध में मिलाकर दूध की मात्रा बढ़ाई जाती है। एसडीएम ललित कुमार ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी के साथ छापा मारा।
टीम के पहुंचते ही शिवकुमार और उसके पिता राजेंद्र सिंह भाग गए। टीम ने एक क्विंटल मिलावटी दूध और 20 लीटर हाइड्रोजन परआक्साइड और माल्टो डेक्सट्रिन पाउडर बरामद किया। टीम ने दूध और केमिकल के नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
मिलावटखोर पिता-पुत्र मौके से भाग गए। दुग्ध संग्रह केंद्र को बंद करा दिया है। पुलिस को निर्देशित किया है कि दुग्ध संग्रह केंद्र पर दूध का संकलन न हो। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही परिवाद की कार्रवाई हो सकेगी।
- ललित कुमार, एसडीएम, कासगंज।