स्वगणना फॉर्म भरने में गलती हो जाए, तो घबराएं नहीं। घर बैठे गलती सुधारने का मौका मिलेगा। सिर्फ आपके पास स्वगणना आईडी नंबर होना चाहिए। जिसके माध्यम से प्रगणक आपके फॉर्म में संशोधन कर सकेंगे। जिले में पिछले चार दिन में 5896 नागरिक स्वगणना करा चुके हैं।
स्वगणना के लिए 21 मई तक ऑनलाइन पोर्टल खुला रहेगा। रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों की स्वगणना की गई। मास्टर ट्रेनर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि स्वगणना फॉर्म सिर्फ घर का मुखिया के नाम से भरा जाएगा। फॉर्म में घर का फर्श, छत, दीवार से लेकर मोटर-कार और इंटरनेट साधन का ब्योरा सहित कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे।
उन्होंने बताया कि यदि परिवार का कोई अन्य सदस्य स्वगणना फॉर्म भरता है, तो वह मुखिया के नाम से भर सकता है। स्वगणना के लिए मोबाइल नंबर अनिवार्य है। नंबर पर आए ओटीपी से ही 33 सवालों का फॉर्म खुलता है। एडीएम वित्त एवं जनगणना नोडल अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि 22 मई से जनगणना के तहत डोर-टू-डोर सर्वे शुरू होगा। 10 हजार से अधिक प्रगणक और सुपरवाइजर घर जाकर स्वगणना फॉर्म में भरी सूचनाओं का सत्यापन करेंगे।