आगरा के थाना बसई जगनेर के तांतपुर कस्बे में बुधवार की रात बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो घरों से नकदी, जेवर, स्कूटी लूट लूट लिए। घटना थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। बदमाशों ने घरवालों को एक कमरे में बंद भी कर दिया था। बदमाशों के जाने के बाद चीख-पुकार पर पड़ोसियों ने आकर लोगों को बाहर निकाला। पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
पहली घटना कस्बा निवासी वीरेंद्र जादौन के घर की है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे जयपुर गए थे। वे अपने ससुर के पास ही आंगन में सो रहे थे। बुधवार की रात छह-सात बदमाश घर में घुस आए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया। डर के मारे वे बदमाशों का विरोध भी नहीं कर सके। इसके बाद बदमाशों ने ताले तोड़ कर करीब तीन लाख रुपये के जेवर, 85 हजार रुपये और स्कूटी उठा ले गए। बदमाशों ने दोनों को एक कमरे में बंद भी कर दिया।
वहीं बदमाशों ने वीरेंद्र के पड़ोसी किरोरी कोरी के घर में भी लूट की। किरोरी ने बताया कि उसका पूरा परिवार शादी में शामिल होने भरतपुर गया था। घर में पत्नी अकेली थीं। वह घर के बाहर सो रही थीं। रात में बदमाशों ने तमंचा सटाकर चाबी छीनी और अलमारी खोलकर उसमें रखे जेवर और दो हजार रुपये, एलसीडी आदि सामान उठा ले गए।
वहीं आज सुबह वीरेंद्र जादौन के घर से लूटी गई स्कूटी राजस्थान सीमा पर लावारिश मिली। इस मामले में थाना प्रभारी बसई जगनेर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया दोनों पीड़ितों ने तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है।