कासगंज। चांडी रोड पर बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक सवार को लूट लिया। बदमाश उसकी बाइक, आभूषण एवं पर्स लूट ले गए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। गांव नगला कोठी निवासी कैलाशचंद्र बृहस्पतिवार का देर रात कलेक्ट्रेट से बाइक से अपने गांव नगला कोठी लौट रहे थे। जब वह चांडी मार्ग पर पहुंचे तभी दो बाइक सवारों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया, इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने कैलाशचंद्र पर तमंचा तान दिया। इसके बाद लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की, लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई। घटना के संबंध में कैलाश ने अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौड़ का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।