उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में उत्तर थाना इलाके के टाट वाले बाबा मंदिर के समीप आयकर अधिकारी बनकर आए कार सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर गोरेलाल यादव के घर धावा बोल दिया। परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब 40 हजार रूपये की नगदी व हथियार लूट कर ले गए।
सूचना पर एसएसपी के साथ कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश दिल्ली नंबर की गाड़ी से आए थे। बदमाशों की संख्या सात से आठ बताई जाती है। जिनमें एक बदमाश पुलिस की वर्दी में भी बताया गया है। बदमाश सर्विस रोड होते हुए भाग गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रॉपर्टी डीलर गोरेलाल के जिस मकान को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया था। वह नेशनल हाईवे के समप समीप सर्विस रोड पर है। घटनास्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर पुलिस भी तैनात रहती है। इसके बाद भी बदमाश बेखौफ होकर लूटकर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग जाने में सफल हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी तक नहीं लग सकी। बदमाशों के भाग जाने के बाद गोरेलाल ने इसकी जानकारी अपने परिचत को फोन पर दी।
गोरेलाल ने बताया कि मुख्य दरवाजा खोला होने के साथ ही वह आफिस में बैठे थे। तभी एक सफेद रंग की कार घर के अंदर प्रवेश कर गई। वह कुछ समझ पाते तब तक सात से आठ लोग कार से उतरे। उसमें एक पुलिस की वर्दी में था। उन्होंने बताया कि वह आयकर अधिकारी है और तुम्हारी काली संपत्ति की जांच करनी है।