उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई। जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ चार नामजदों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
शौच के लिए जा रही किशोरी को अगवा कर दरिंदों ने यूकेलिप्टस के बाग में वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता को परिजनों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल पहुंच पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।
घटना रविवार रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे की है। किशोरी अपने घर से शौच के लिए खेत पर जा रही थी। इसी बीच गांव के ही घनश्याम, रामजीत, पुष्पेंद्र और अंकित ने उसे अगवा कर लिया। यह सभी आरोपी अनुसूचित जाति की किशोरी को समीप के ही
यूकेलिप्टस के बाग में ले गए। जहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर चले गए। किशोरी जब देर तक घर नहीं आई तो परिजन उसकी तलाश में जुटे, लेकिन होश आने पर काफी देर बाद वह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरा घटनाक्रम बताया।
परिजन पीड़िता को सिढ़पुरा थाने ले गए। पुलिस ने पीड़िता उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर चारों नामजदों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह पीड़िता का हाल जानने और उससे पूछताछ के लिए डीएम सीपी सिंह, एसपी सुशील घुले जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने पीड़िता का उपचार कर उसका मेडिकल परीक्षण भी किया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी के अलावा फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
एसपी सुशील घुले ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर चारों आरेपियों के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा सिढ़पुरा थाने में दर्ज करा दिया गया है। पीड़िता का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। दुष्कर्म करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।