आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की सक्रियता से एक नाबालिग बच्ची का जीवन बर्बाद होने से बच गया।
बोदला के एक मैरिज होम में शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थी, कि टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवा दिया। बालिका को फिलहाल सुरक्षा के दृष्टिगत आशा ज्योति केंद्र में आश्रय दिलाया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन आगरा के कोऑर्डिनेटर ब्रजेश कुमार गौतम को सूचना मिली कि बोदला के अमरपुरा (वर्मा डेयरी के पास) निवासी एक 16 वर्षीय बालिका का विवाह सोमवार को शिव पैलेस में किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम जगदीशपुरा पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। वहां शादी की तैयारियां जोरों पर थी। टीम ने बालिका के उम्र संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह नाबालिग पाई गई। सोमवार को ही बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।