आगरा के डौकी क्षेत्र में रविवार की सुबह मिट्टी खोदते समय बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी खोद रहीं तीन लड़कियों के ऊपर ढाय गिर गई, जिससे तीनों घायल हो गईं। उपचार के दौरान शाम को एक किशोरी की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना डौकी के गांव सैयद ठार निवासी बीरेंद्र सिंह की पुत्री मीनेश (14 वर्ष) और विमलेश (8) अपनी सहेली कलावती (14 वर्ष) पुत्री महेश रविवार सुबह करीब आठ बजे गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर गांव सोरई के पास मिट्टी लेने के लिए गई थी। खोदाई के समय मिट्टी की ढाय उनके ऊपर गिर गई।
मिट्टी के नीचे दब गई थीं तीनों
मिट्टी के नीचे तीनों लड़कियां दब गईं। वहां पास खड़े बालक राज के चिल्लाने पर सोरई के ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गंभीर हालत में तीनों को बाहर निकल कर एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
शाय चार बजे मीनेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। विमलेश और कलावती की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद मीनेश के परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में एसओ डौकी बहादुर सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। मिट्टी की ढाय गिरने से हादसा हुआ है।