घर से रुपये गायब हो रहे थे। हिसाब में 16 लाख रुपये कम मिलने पर कारोबारी तनाव में आ गए। आठवीं में पढ़ने वाला बेटा भी गुमसुम रहने लगा। बाद में जब मामला खुला तो हर कोई सन्न रह गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे को एआई से बनी न्यूड फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किया गया। उससे धीरे-धीरे 16 लाख रुपये वसूले गए। तीन किशोरों ने पुलिस व बदनामी का डर दिखाकर उसे ऐसा जकड़ा कि वह घर से रकम चुराकर आरोपियों को महंगी सौगातें देता व पार्टी कराता रहा। गुमसुम रहने और छमाही में फेल होने पर जब पिता ने कुरेदा तो राज खुला।
विज्ञापन
कंस्ट्रक्शन कारोबारी ने बताया कि वह मजदूरों को देने के लिए रकम अपने घर लेकर आते थे। अलमारी में रखते थे। चाबी भी घर में रहती है। कई महीनों से हिसाब में रकम कम पड़ रही थी। गिनती करने पर 16 लाख रुपये कम थे। इससे वो तनाव में आ गए। चाबी अपने पास रखने लगे। उनका बेटा भी गुमसुम रह रहा था। वह बीमार भी हो गया। उससे कई बार पूछा, लेकिन कुछ नहीं बताया। छमाही परीक्षा के अधिकतर विषय में वो फेल हो गया।
Trending Videos
रुपये कम मिलने पर दंपती में हुआ झगड़ा
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि दिवाली पर दो मजदूर घर में काम कर रहे थे। उन्हें अलमारी के ऊपर 50 हजार रुपये रखे मिले। इस बात पर पत्नी से विवाद हुआ। 10 दिन तक पत्नी से झगड़ा चलता रहा। बाद में पड़ोसियों से पता चला कि बेटे और पड़ोसी के बेटे के बारे में रुपयों को लेकर बात हो रही थी। इस बारे में बेटे से पूछा तो वो रोने लगा। बाद में पड़ोसी के घर गए। कहा कि पुलिस से शिकायत करेंगे। आपके बेटे ने मेरे बेटे से रुपये लिए हैं। यह सुनकर पड़ोसन घर आईं। एक आईफोन, 3 सैमसंग मोबाइल, 13500 रुपये और अन्य सामान दे गईं। एक आईफोन दूसरे छात्र से दिलवाया। बाद में बेटे ने सच बताया। कहा कि उसके साथ पढ़ने वाला और दो अन्य स्कूल के 11वीं के छात्र ब्लैकमेल कर रहे थे। इनके डर की वजह से रुपये दिए थे।
इंस्टाग्राम पर दिखाई फोटो, मंगाते रहे रकम
पीड़ित पिता के मुताबिक, बेटे ने उनसे कहा कि उसकी और एक लड़की की फोटो एक किशोर ने बना ली है। उन्होंने धमकाया था कि उसकी फोटो लड़की के पास पहुंच गई है। वह जेल भिजवा देगी। इससे वो डर गया। आरोपी की मम्मी ने 3 लाख में मामला दबाने के लिए कहा। बाद में न्यूड फोटो एक इंस्टाग्राम आईडी पर दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। बाद में 2 लाख लिए। फिर आए दिन वो ब्लैकमेल करने लगे। बाद में उसने दो और किशोरों को फोटो भेज दी। उन्होंने मोबाइल, प्रिंटर, पियानो के लिए रुपये लिए। आए दिन रुपये मांगते थे। इस वजह से वो परेशान था।
आसपास के रहने वाले हैं सभी
थाना प्रभारी राजीव त्यागी ने बताया कि पीड़ित छात्र कान्वेंट स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ता है। उसका पड़ोसी सहपाठी है। इसके साथ ही दो अन्य दूसरे स्कूल में 11वीं के छात्र हैं। वह भी आसपास रहते हैं। सभी रोजाना साथ ही घूमते थे। कैफे में भी जाया करते थे।
बच्चों में आए बदलाव पर रखें नजर
एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि बच्चों में आने वाले बदलाव को अभिभावकों को समझना चाहिए। वह गुमसुम रहते हैं। किसी से बात नहीं करते। खाना नहीं खाते हैं तो समझ जाए किसी तरह की परेशानी है। उनसे बात करनी चाहिए। घर में अलमारी में रखे कीमती सामान और रुपये बच्चों की पहुंच से दूर होने चाहिए। बच्चों को कोई धनराशि दे रहे हैं तो उसका हिसाब जरूर लें। अपराध के बारे में पता चलता है तो पुलिस के पास जाएं।
मामले की शिकायत मिली है। इस पर जांच कराई जा रही है। एआई न्यूड फोटो दिखाकर बच्चे से रुपये लेने की बात कही गई है। जिन बच्चों पर आरोप है, उनके बयान लिए जाएंगे। परिजन की शिकायत पर रिपोर्ट बनाई जाएगी। -बजरंग प्रसाद, एसीपी हरीपर्वत