प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जरूरत जता चुके हैं, लेकिन उनकी ही सरकार के पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा आगरा की जगह ताज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जेवर में बनाए जाने के पैरोकार हैं। एयरपोर्ट का हक छीनने के साथ आगरा के लिए पर्यटन मंत्री ने जितने भी एलान किए, डेढ़ साल में पूरा करना तो दूर, फैसलों को ही उलट दिया। ताज का टिकट कम करने, हेरिटेज कारीडोर पर हरियाली विकसित करने का सवाल हो या महताब बाग को चांदनी रात में खोलने का वादा, पर्यटन मंत्री 20 में से एक भी वादा पूरा नहीं करा सके। रविवार को वह एक बार फिर शहर में होंगे। ताजनगरी के पर्यटन उद्यमी उनसे रूबरू होंगे और उन्हें उन्हीं के पुराने मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहे हैं। उद्यमी पर्यटन मंत्री से साफ कहने वाले हैं कि वादे करिए तो उन्हें पूरा भी कीजिए।
20 मिनट में कर लेंगे ताज का निरीक्षण
केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा रविवार दोपहर तीन बजे ताजमहल पहुंचेंगे। 20 मिनट तक वह ताजमहल में रहेंगे और व्यवस्थाओं, समस्याओं का जायजा लेंगे। हैरतअंगेज पहलू यह है कि ताजमहल में पूर्वी गेट से सेंट्रल टैंक तक आने में ही 10 मिनट और जाने में दस मिनट का समय लग जाता है। ऐसे में स्मारक में वह 20 मिनट में किस तरह से पर्यटकों से रूबरू होकर समस्याएं जान सकेंगे। 3:30 बजे सर्किट हाउस में वह आगरा और फतेहपुर सीकरी के स्मारकों से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन, आईटीडीसी, एएसआई, पर्यटन, संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को एक हास्पिटल के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद रात आठ बजे यमुना एक्सप्रेस वे से नोएडा जाएंगे।
जो पर्यटन से जुड़े नहीं, उनसे ले रहे सुझाव
केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा आगरा के लिए दर्जनों बातें कर चुके, लेकिन इनमें से एक भी पूरी करना तो दूर, उन्हीं घोषणाओं के उलट काम कर रहे हैं। दरअसल, वह आगरा आने पर उन लोगों से ही घिरे रहे हैं जो पर्यटन क्षेत्र से जुड़े ही नहीं है। ऐसे में पर्यटन क्षेत्र की असल समस्याएं और उन्हें दूर करने की व्यवहारिकता न होने से दो साल में उनके एलान जमीन पर नजर नहीं आ सके। हाल यह है कि पर्यटन मंत्री पर्यटन संस्थाओं के साथ बैठक नहीं कर सके। आगरा आने पर पर्यटन मंत्री के प्रोग्राम को सरकारी पर्यटन विभाग नहीं, बल्कि शहर के एक बिल्डर जारी करते रहे हैं।
क्या थे वायदे कितने हुए पूरे
- आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब जेवर में एयरपोर्ट की पैरवी
- ताज नाइट व्यू का टिकट उसी दिन एक दिन पहले ही मिल रहा टिकट
- ताज का टिकट 500 की जगह 250 कम की जगह 750 कर दिया
- दो घंटे में देखना होगा ताजमहल सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की
- एक्सप्रेस वे टोल पर ताज का टिकट टिकट छोड़िए, जानकारी तक नहीं
- स्मारकों के प्रवेश टिकट कम होंगे घोषणा के एक महीने में तीन गुने बढ़ाए
- ताज के पीछे यमुना की डी सिल्टिंग डी सिल्टिंग का प्रस्ताव तक नहीं
- महताब बाग में वाटर चैनल कोई कार्रवाई नहीं
- महताब बाग में डायना सीट कोई सीट नहीं लगी
- हेरिटेज कारीडोर पर काम शुरू होगा सुप्रीम कोर्ट से अनुमति तक नहीं ली
- मई 2015 से कारीडोर की सफाई अगस्त 2016 में निकला टेंडर
- ताज वेस्ट गेट आईटीडीसी रेस्तरां हटेगा अभी तक चल रहा रेस्टोरेंट
- पश्चिमी गेट पर फेसिलिटी सेंटर बनेगा सेंटर की रूपरेखा तक नहीं
- केंद्रीय योजना पर नजर को 20 सदस्यीय कमेटी कोई कमेटी नहीं बनी
- कारीडोर पर लेजर शो, अर्बन हाट एएसआई की अधिसूचना तक नहीं हुई
- ताज पर होंगे लाइसेंसी फोटोग्राफर अभी नियमावली तक नहीं बनी
- ताज का वीडियो सर्विलांस दोनों जोन के अलग-अलग कंट्रोल रूम
- स्मारकों पर टूरिस्ट पुलिस की तैनाती किसी नए स्मारक पर तैनात नहीं पुलिस
- ताज के पीछे पानी रोककर नौका विहार प्रस्ताव तक तैयार नहीं
- महताब बाग से ताज का नाइटव्यू सितंबर 2015 का वादा, 2016 में भी शुरू नहीं