ताज कॉरीडोर क्षेत्र के पर्यावरण विकास का शिलान्यास करते केंद्रीय राज्यमंत्री, सांसद, मेयर।
मोहब्बत की निशानी ताजमहल और आगरा किला के बीच ताज हेरिटेज कारीडोर की जमीन पर ताज व्यू पार्क का संस्कृति मंत्री ने शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मार्च तक यह पार्क हराभरा हो जाएगा। कॉरिडोर स्थल के बीचोबीच से गुजर रहे मंटोला नाले पर पाइप डालने के निर्देश दिए।
इसी पार्क में एम्फी थियेटर बनाने के लिए उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। पहले चरण में 12 हेक्टेयर जमीन पर मार्च तक काम किया जाएगा। उसके बाद बाकी 8 हेक्टेयर पर दूसरे चरण में कार्य होगा।
ऐतिहासिक चित्रों की प्रदर्शनी
एएसआई ने पूर्वी गेट टर्न स्टाइल गेट से प्रवेश के बाद प्रवेश के लिए जो डक्ट बनाई है, वहां ऐतिहासिक चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है। ब्रिटिश राज के दौरान ताज के फोटो से लेकर संरक्षण कार्यों के भी चित्र लगाए गए हैं?
ताजमहल के पूर्वी गेट पर छायाचित्र प्रदर्शनी को देखते पर्यटन मंत्री डॉ. महेश शर्मा
महेश शर्मा ने कहा कि एक सप्ताह में आगरा के पर्यावरण संबंधी मामलों में कुछ निर्णय लिए जाने हैं। लेदर, हास्पिटल, होटल, आईटी में पहले ही नरमी बरतने को कहा गया है। इस दौरान मेयर नवीन जैन, एएसआई संयुक्त महानिदेशक जाह्नवीज शर्मा, सीआईएसएफ कमांडेंट ब्रज भूषण, अधीक्षण पुरातत्वविद् वसंत स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।
एएसआई साइंस ब्रांच करेगी ताज की स्पेक्ट्रोग्राफी
ताजमहल के संगमरमर पर प्रदूषण का कितना प्रभाव पड़ा और इसका वास्तविक रंग क्या है, यह जानने के लिए संस्कृति मंत्रालय ने एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) साइंस ब्रांच को जिम्मेदारी दी है। ताज के गुंबद, मीनारों, भूमिगत कक्ष समेत कई जगह से सैंपल लेकर संगमरमर का वास्तविक रंग रिकार्ड में रखा जाएगा, ताकि भविष्य में होने वाले मडपैक के लिए मानक तय हो सकें।