बरेली में सर्द हवा से लुढ़क रहा तापमान नौ साल के न्यूनतम स्तर पर जा पहुंचा। शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6 डिग्री कम) रहा। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक साल 2013 में सबसे कम तापमान (0.1 डिग्री सेल्सियस) रिकॉर्ड हुआ था। मौसम विभाग ने रविवार को दिन में धूप होने, लेकिन रात में कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान दिया है। हालांकि सुबह घना कोहरा छाया रहा। दोपहर 12 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हो सके, लेकिन गलन बरकरार है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पहाड़ों पर बर्फ बारी के बाद सर्द हवा ने मैदानी क्षेत्र में कंपकंपी पैदा की। शाम से शुरू हुई गलन रात तक जारी रही। देर रात न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार सुबह भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही। 11 बजे के बाद गुनगुनी धूप ने राहत दी, लेकिन हवा सिहरन पैदा करती रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अभी सर्दी का सितम जारी रहेगा।
धूप का लुत्फ लेना पड़ सकता है भारी
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ राहुल बाजपेयी ने बताया कि सुबह-शाम कड़ाके की ठंड और दिन में निकल रही धूप बीमार बना सकती है। ऐसे मौसम में धूप निकलने पर भी गर्म कपड़े पहने रहें। सर्द हवा के सीधे संपर्क में आने से बचें। रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने से जल्दी बीमार पड़ने की आशंका रहती है। सर्दी, जुकाम, नजला के साथ ठंड से छाती के किनारे दर्द हो सकता है। तकलीफ होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें।