बिछवां। विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र के इमायतपुर माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। किसानों ने माइनर में पानी छुड़वाने की मांग की है।
विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र के कुरावली इमायतपुर माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि माइनर में नगला सेमर के बाद आगे पानी ही नहीं पहुंचता है। माइनर की सफाई सही तरीके से न होने से टेल पर नगला कवीश्वर तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
माइनर में कम पानी आने से रसूखदार लोग बीच में ही पानी का बहाव रोक देते हैं। जिससे क्षेत्र के इमायतपुर, इन्नीखेड़ा, सिमरई, नगला भजन, सहारा, तेजपुरा, नगला कवीश्वर के खेतों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। खेतों में धान की रोपाई और मक्का की भराई चल रही है। वीरेश चौहान, नरेंद्र सिंह, सियाराम, हरवीर सिंह, मुकेश लोधी ने माइनर में पानी छुड़वाने की मांग की है जिससे टेल तक पानी पहुंच सके।