आगरा किला के इसी जाली वाले गेट के पास मेट्रो का अंडरपास बनेगा
आगरा। डॉ. आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन से आगरा किला के गेट तक प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण के लिए राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण (एनएमए) ने यूपीएमआरसी को एनओसी दे दी है। यह अंडरपास किले की खाई से 15 मीटर की दूरी पर मौजूदा टिकट काउंटर के पीछे बनाया जाएगा, जो सीधा मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगा। आगरा किला से मेट्रो स्टेशन की दूरी 105 मीटर है और बीच में सड़क और चौराहा है। अंडरपास बनने से पर्यटकों को सड़क और चौराहा पार नहीं करना होगा। वह अंडरपास से किले के अमर सिंह गेट पर बने टिकट काउंटर तक पहुंच सकेंगे। इससे हादसों का खतरा नहीं रहेगा।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि राष्ट्रीय स्मारक प्राधिकरण ने एनओसी जारी कर दी है। मेट्रो की ओर से पूरी ड्रॉइंंग तैयार कर ली गई है। टिकट काउंटर के पीछे बने बाग से अंडरपास का निर्माण शुरू किया जाएगा जो मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगा। इससे आगरा किला आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा रहेगी। वह मेट्रो से उतरकर सीधे किले का टिकट खरीद सकेंगे। यह अंडरपास इस तरह से डिजाइन किया गया है कि मेट्रो के अंडरपास का कोई स्ट्रक्चर नजर नहीं आएगा। काउंटर के पीछे सीढि़यां बनी होंगी जो अंडरपास तक ले जाएंगी।
सिकंदरा पर फ्लाईओवर की नहीं मिली अनुमति
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षित स्मारकों के 100 मीटर दायरे में किसी भी निर्माण की अनुमति नहीं है। इस आधार पर अकबर का मकबरा, सिकंदरा के सामने चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण को अनुमति नहीं दी गई थी। यह मामला तीन केंद्रीय मंत्रियों की कमेटी के सामने भी रखा गया लेकिन कोई हल नहीं निकला। ऐसे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने आगरा-दिल्ली सिक्सलेन प्रोजेक्ट में सिकंदरा पर फ्लाईओवर का निर्माण नहीं किया। एएसआई का यह बी कैटेगरी स्मारक है, जबकि विश्व धरोहर में दर्ज आगरा किला के गेट के सामने महज 15 मीटर दूरी पर अंडरपास की अनुमति दे दी गई।