मैनपुरी। विद्युत उपभोक्ताओं के गलत बिल में सुधार के लिए विद्युत निगम द्वारा अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए आज सभी एसडीओ कार्यालयों में मेगा कैंपों का आयोजन किया जाएगा। इसमें नए संयोजन, भार वृद्धि, खराब मीटर, बिल संशोधन, विद्या परिवर्तन, बिल जमा करने और अन्य समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता रवि प्रताप ने बताया कि विद्युत निगम उपभोक्ताओं को सही बिल उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। आज सभी एसडीओ कार्यालय पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेगा कैंपों में बिजली बिल संबंधी समस्या का समाधान कराया जाएगा। कैंप में अधीक्षण अभियंता वितरण नोडल अधिकारी होंगे। मेगा कैंप में प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्पडेस्क पर किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि कैंप में उपखंड अधिकारी एवं सहायक अभियंता मीटर अपने अधीनस्थों सहित उपस्थित रहेंगे। अधिशासी अभियंता परीक्षण, अधीक्षण अभियंता वितरण और मुख्य अभियंता वितरण अपने कार्य क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित कैंपों का भ्रमण कर अभियान की सफलता सुनिश्चित करेंगे।