आगरा में ड्रग विभाग की जांच में टैबलेट ए-सिपेक्स-ओ नकली पाई गई है। इसका नमूना पिछले महीने यमुनापार के मालवा ट्रांसपोर्ट से जब्त की गई दवाओं से लिया गया था। अभी छह और दवाओं की रिपोर्ट आना बाकी है। इनकी भी जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग नकली दवा के कारोबारियों पर गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज कराएगा।
ड्रग विभाग ने नौ जुलाई को यमुनापार के शाहदरा स्थित मालवा ट्रांसपोर्ट पर देर रात छापा मारकर करीब 90 लाख रुपये की दवाएं जब्त की थीं। इनमें अधिकांश फिजीशियन सैंपल थे। सात दवाओं के नमूने जांच को भेजे गए। शुक्रवार को लैब से ए-सिपेक्स-ओ, बैच नंबर 3542 की रिपोर्ट आई है, जिसमें यह नकली मिली है। यह एंटीबायोटिक है।
एक्सपायरी डेट की भी दवाएं मिली थीं
गोदाम से इस बैच की 1.64 लाख रुपये की दवाएं मिली थीं, जिन पर एक्सपायरी डेट तीन मार्च 2021 अंकित थी। इस बैच दवा की जांच को अन्य मेडिकल स्टोर से भी नमूने लिए जाएंगे। इस दवा की निर्माता कंपनी एपेक्स फार्मुलेशन प्राइवेट लिमिटेड सिरमौर हिमाचल प्रदेश है। कंपनी को भी नोटिस दिया गया है