मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के लगातार प्रयास के बाद भी बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे मेडिकल स्टोर पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। शिकायत पर जांच में तीन ऐसे ही मेडिकल स्टोर सामने आए हैं। इन्हें औषधि निरीक्षक ने नोटिस जारी किया है।
औषधि निरीक्षक सुनील कुमार को शिकायत मिली कि थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर बरा में बिना लाइसेंस के अंजली मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है। शिकायत पर औषधि निरीक्षक ने गांव पहुंचकर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां मेडिकल संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सके।
इसके अलावा भी गांव में बिना लाइसेंस दो मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा था। बिना नाम के संचालित इन मेडिकल स्टोर पर कोई भी फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं मिला। मामले में तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों को औषधि निरीक्षक ने नोटिस जारी कर संचालन बंद करने की चेतावनी दी है। दोबारा अगर संचालन होते पाया गया तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
शिकायत पर मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया था। तीनों मेडिकल स्टोर का संचालन बिना लाइसेंस के किया जा रहा था। सभी को नोटिस जारी कर संचालन बंद करने की चेतावनी दी गई है।
-सुनील कुमार, औषधि निरीक्षक।