मथुरा। घर से बीएसए कॉलेज तक जाने की कहकर घर से निकला छात्र लापता हो गया है। जीएलए विवि से एमबीए कर रहे छात्र के परिजनों ने काफी तलाश की, पर उसका सुराग नहीं मिला। पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
कोतवाली के जमुना बिहार (बीएसए कॉलेज के पीछे) निवासी मृत्युजंय पांडेय (24) पुत्र नागेंद्र पांडेय 17 जुलाई की सुबह घर से यह कहकर निकला कि बीएसए कॉलेज तक जा रहा हूं। काफी देर तक घर नहीं लौटे छात्र के परिजनों को चिंता हुई। मोबाइल पर फोन किया तो बंद जा रहा था।
छात्र के परिजनों ने रिश्तेदारियों और दोस्तों के घर तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। छात्र के परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। आखिरकार पिता ने शुक्रवार को बेटे की कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। लापता छात्र की तलाश की जा रही है। उसके फोन की लोकेशन भी जुटाई जा रही है।