मथुरा वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में ऊपरी मंजिल के गलियारे में कौन-कौन वीआईपी मौजूद था, इसका हर दिन खुलासा हो रहा है। डीएम, एसएसपी और नगर आयुक्त के बाद कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय के भी ऊपरी मंजिल के गलियारे में होने की जानकारी मिली है।
सोमवार को वायरल हुए फोटो में कानपुर की मेयर प्रमिला गलियारे से ठाकुरजी के दर्शन करते हुए दिखाई दे रहीं हैं। कानपुर की महापौर के बांकेबिहारी मंदिर के ऊपरी मंजिल के गलियारे में होने पर कई सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंगला आरती के समय महापौर प्रमिला पांडेय के साथ उनका परिवार और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।
भगदड़ के दौरान महापौर और उनके परिवार के लोग मंदिर के गलियारे में थे, लेकिन इसके बाद प्रशासन द्वारा एक गाड़ी से महापौर और उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मंदिर के सूत्र तो यहां तक बता रहे हैं कि हादसे के दौरान प्रदेश के पुलिस विभाग के एक बड़े अधिकारी का परिवार भी गलियारे में मौजूद था। इस परिवार को भी जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने सुरक्षित निकाला।