इस बार के रेल बजट में आगरा मंडल के स्टेशनों की तस्वीर बदल सकती है। आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन और अलीगढ़ जैसे स्टेशनों पर ए ग्रेड सुविधाएं मिल सकती हैं। रेल बजट के लिए जन प्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर इस बात पर सबसे ज्यादा जोर है। इसके अलावा कई एक्सप्रेस ट्रेनों के फतेहपुर सीकरी, अछनेरा स्टेशनों पर ठहराव और कुछ ट्रेनों का ठहराव आगरा कैंट पर कराए जाने की मांग भी की गई है।
आगरा मंडल से भेजे गए प्रस्तावों में आगरा से पलवल तक 22 समपार फाटक, तीन रेल लाइनों का विद्युतीकरण और आगरा फोर्ट-बांदीकुई रेल लाइन के दोहरीकरण, कर्मचारियों के लिए आगरा में 120 ई-टाइप आवास समेत कई सुविधाएं शामिल हैं। सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू करने के बारे में भी घोषणा संभव है। हालांकि, मंडल में किसी नई ट्रेन के चलाए जाने की उम्मीद नहीं है क्योंकि ऐसा कोई प्रस्ताव उत्तर मध्य रेलवे की ओर से नहीं भेजा गया है।
इन कार्यों को मिल चुकी हरी झंडी
- मथुरा-पलवल के बीच 80 किमी लंबी चौथी लाइन
- मथुरा-झांसी के बीच 274 किमी की तीसरी लाइन के कार्य
- स्वचालित टिकट विक्रय मशीनों का विस्तार
- ईदगाह-बांदीकुई-बयाना
- यमुना पुल पर समपार फाटकों और सड़कों के चौड़ीकरण का काम
- 24 से अधिक लेबल क्रासिंग बंद करके उन पर समपार फाटकों का काम
- मथुरा-बिल्लोचपुरा स्टेशन पर स्वचालित ब्लाक सिग्नलिंग
- 47 रेलपथ नवीनीकरण के कार्य, इनमें बीना-आगरा, मथुरा-अलवर, आगरा-पलवल, मथुरा-वृंदावन समेत कई कार्य हैं।
कर्मचारियों के लिए ये होंगी सुविधाएं
मथुरा में 100 आवास, कानपुर, ग्वालियर, टूंडला, आगरा और बांदा में सामुदायिक भवन, आगरा में स्टेडियम और तरणताल, मथुरा में सर्कुुलेटिंग एरिया में पांच काउंटर वाला बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, आगरा छावनी में प्लेटफार्म, प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर (चार स्वचालित सीढ़ी) की सुविधा शामिल हैं।