मैनपुरी। होली से पहले इस बार गर्मी लोगों को खूब सताएगी। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान में इसकी आशंका जताई गई है। इसी सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ सकता है।
इस बार समय से पहले ही मौसम ने करवट बदल ली है। दिन में तेज धूप के चलते बीते वर्षों की अपेक्षा तापमान अधिक चल रहा है। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में होली से पूर्व अभी और तापमान बढ़ सकता है। बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से जारी मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह में तापमान बढ़ेगा।
20 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे गर्मी बढ़ जाएगी। इसके साथ ही तेज हवाओं के चलने की भी बात कही गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अगर तेज हवाएं चलती हैं तो खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर सकती है।