कासगंज। मातृवंदना योजना का लाभ पाने के लिए एक साल से परेशान गर्भवती महिलाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन शुरू हो जाने से महिलाओं को योजना का लाभ मिल सकेगा।मातृवंदना योजना वर्ष 2017 में शुरू हुई थी। इस योजना के तहत पहली संतान पर लाभ दिए जाने का प्रावधान किया गया, लेकिन वर्ष 2023 में योजना में बदलाव किया गया। इस योजना के पोर्टल को 2.0 नाम देकर 15 अक्तूबर 2023 को दुबारा से चालू किया गया। इसके बाद लांच किए गए नए पोर्टल में दिक्कत आने से आवेदन करने में भी बाधा आती रही है। इस बाधा को दूर करने के साथ ही महिलाओं के आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अब तक दस महिलाओं ने अपने आवेदन किए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला के अनुसार मातृ वंदना योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 10 महिलाएं अपने आवेदन कर चुकी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आवेदन किए जा रहे हैं।