वृंदावन (मथुरा)। वैष्णव कुंभ मेला बैठक का फाल्गुनी पूर्णिमा पर विधिवत समापन हो गया है। कुंभ मेला क्षेत्र स्थित संस्कृति मंच पांडाल में रविवार को संत-महंतों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनंदन किया गया।
वसंत पंचमी से शुरू हुए वैष्णव कुंभ मेला बैठक का धार्मिक रूप से समापन रंगभरनी एकादशी को हो गया, लेकिन अधिकारिक रूप से समापन फाल्गुनी पूर्णिमा पर किया गया। संस्कृति मंच पंडाल में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने तीनों अनी के श्रीमहंतों के साथ अखाड़ों के महंतों, संतों का अभिनंदन किया। शुभारंभ कुंभ मेला की वीडियो प्रजेंटेशन से हुआ। इसके बाद निर्मोही अखाड़े के महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के महंत कृष्णदास, निर्वाणी अखाड़े के महंत, अखाड़ा परिषद के ब्रजप्रांत अध्यक्ष महंत हरिशंकर दास नागा, महंत लाडली दास, महंत सुंदरदास, महंत बलराम दास, स्वामी महेशानंद, महंत अमरदास, महंत मदनमोहन दास का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
इसी क्रम में तीर्थ विकास ट्रस्ट के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, मेलाधिकारी नागेंद्र प्रताप, अपर मेलाधिकारी क्रांति शेखर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुरक्षा रोहित मिश्रा, मुख्य दमकल अधिकारी प्रमोद शर्मा, क्षेत्राधिकारी रमेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी राम मोहन शर्मा, क्षेत्राधिकारी पंकज वर्मा, मेला निरीक्षक संजीव दुबे, निरीक्षक विजयपाल सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त सत्येंद्र तिवारी, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता राजीव कालरा आदि को भी सम्मानित किया गया।