मथुरा। गांव शेरनगर में युवतियों द्वारा केरोसिन उड़ेलने के बाद खेत से खींच कर लाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। गांव शेरनगर में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बोई गेहूं की फसल को सोमवार को कुर्क करने पहुंची पुलिस के सामने दो युवतियों ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर फसल काटने का विरोध किया। बाद में पुलिस पकड़कर थाने ले आई। एसडीएम हनुमान प्रसाद ने केरोसिन उड़ेलने की घटना को गलतफहमी बताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
गांव शेरनगर में तीस एकड़ जमीन पर अवैध कब्जाकर बोई फसल को पुलिस प्रशासन की टीम सोमवार की दोपहर को कुर्क करने पहुंची थी। जैसे ही टीम गेहूं काटने की मशीन लेकर वहां पहुंची तो राधा पत्नी चंद्रपाल, मुनेश पत्नी हंसराज, ममता पुत्री ओमपाल, मोतनी पत्नी ओमपाल सिंह, कविता पुत्री ओमपाल सिंह वहां पहुंच गई।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। जब पुलिस ने फसल को अवैध बताते हुए न्यायालय से फसल कुर्की के आदेश दिखाकर फसल कटाई के लिए आगे बढ़ी तभी पांच महिलाओं में से दो युवतियों ने खेत के बीच में पहुंचकर अपने ऊपर केरोसिन उडे़ल लिया और फसल न काटने की चेतावनी दी। जिसके बाद पुलिस महिलाओं की ओर दौड़ पड़ी। सूचना मिलते ही एसडीएम छाता हनुमान प्रसाद, सीओ जितेंद्र कुमार ने थाना पहुंचकर महिलाओं से पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि उनके विरोधी आदि ने फसल काटने का ताना देकर आत्महत्या के लिए उकसाया था।
वर्जन
महिला किसानों ने गलतफहमी में यह कदम उठाया। इस मामले में जांच कराई जा रही है।
- हनुमान प्रसाद मौर्य, एसडीएम।
महिलाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्हें उकसाने वाले लोगों के खिलाफ भी निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- प्रमोद पंवार, प्रभारी निरीक्षक, कोसीकलां।