कोसीकलां (मथुरा)। मंगलवार की देर रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मंगलामुखियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में हंगामा हुआ। आरोप है कि एक पक्ष के ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर मामले को शांत करने का प्रयास किया।
मंगलवार को मंगलामुखियों का एक गुट नगर में बधाई मांगने गया हुआ था। पता लगा कि दूसरे गुट के मंगलामुखी पहले पहुंच कर बधाई ले आए। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देर रात को दोनों पक्ष राठौर नगर में कांशीराम आवास के समीप आमने-सामने आ गए और झगड़ा करने लगे। वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। झगड़ा होते देख वहां राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत करने का प्रयास किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है और उनकी शिकायत सुनकर मामले की जांच करके निस्तारण कराया जाएगा।