मथुरा। एकादशी के अवसर पर सजा हुआ श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रांगण और ठाकुरजी के दर्शन को उमड़े श्?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। श्रीबांकेबिहारी के द्वार की सज्जा इन दिनों भक्तों को खूब लुभा रही है। कभी फूलों की सजावट तो कभी गुब्बारे आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। बुधवार को साड़ियों की सज्जा ने भक्तों का मनमोह लिया। दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही।
राजभोग की सेवा के सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि इन दिनों श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आनंद उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह उत्सव 29 मार्च से प्रारंभ हुआ है। इसके अंतर्गत ठाकुर का विशेष शृंगार और उनके द्वारा नित्य नई अनूठी पोशाक धारण कराई जा रही है। मंदिर की सज्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बुधवार को मटकी लीला का स्वरूप दिया गया। प्रसाद में भक्तों को मिश्री और हलुआ वितरित किया गया। राजभोग सेवायत आचार्य का कहना है कि इस उत्सव 128 वर्ष पूर्व कन्नौज के राजा ने आरंभ कराया था। इस उत्सव के पुष्पित और पल्लवित होने का मुख्य कारण ठाकुर की भाव प्रधान सेवा है।
कोरोना से बेपरवाह हैं श्रद्धालु
कोरोना की दूसरी लहर वृंदावन में तेजी के साथ बढ़ती नजर आ रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। इसे लेकर मंदिर प्रबंधन सतर्क है। सावधानी बतौर श्रद्धालुओं से दूरी बनाने और मास्क पहनने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी श्रद्धालु स्थितियों को नजरंदाज कर रहे हैं। हालांकि गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश के दौरान सभी श्रद्धालुओं से मास्क लगाने का अनुरोध किया जा रहा है।