वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्रीप्रियाकांतजू मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। 30 अगस्त को कन्हैया का प्राक्ट्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
देवकीनंदन महाराज के साथ सोमवार रात्रि भक्त कन्हैया के जन्म तक भजनों की मीठी मनुहार करेंगे। स्वर्ण बंशी और मुकुट धारण कर प्रियाकांतजू सजीले वस्त्रों में भक्तों को दर्शन देंगे। जन्मोत्सव के लिये पूरे मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रियाकांतजू मंदिर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
मंदिर गर्भगृह में फूलबंगला के बीच ठाकुरजी स्वर्ण बंशी एवं मुकुट धारण कर दर्शन देंगे। सोमवार को रात्रि 9:30 देवकीनंदन महाराज महोत्सव प्रारंभ करेंगे जो कन्हैया के प्राक्टयोत्सव पर 12:30 तक चलेगा। मंदिर मीडिया प्रभारी जगदीश वर्मा ने बताया कि पंचामृत अभिषेक के पश्चात लाला की महाआरती उतारी जाएगी।