कोसीकलां (मथुरा)। कोरोना वैक्सीन की कमी के कारण कई केंद्रों पर मंगलवार को टीकाकरण नहीं हो सका। अस्पताल आए कुछ लोग बिना टीका लगवाए ही वापस लौट गए। वैक्सीन आने के बाद ही केंद्रों पर टीकाकरण शुरू होगा। कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही टीका लगवाने वाले लोगों की संख्या में भी एकदम बढ़ोत्तरी हो गई है। इस कारण जिले में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक निपट गया है।
मंगलवार को टीका लगवाने आए लोगों को कुछ केंद्रों से निराश लौटना पड़ा। सीएचसी में टीका लगवाने आए पंचशल कॉलोनी निवासी पिंटू जैन ने बताया कि वह सीएचसी पर टीका लगवाने गए थे, लेकिन वहां पर वैक्सीन न होने की बात कहकर लौटा दिया गया। रुचि गर्ग ने बताया कि नव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी वैक्सीन नहीं थी, वहां काफी भीड़ थी। इसके अलावा अस्पताल के कर्मचारी ने यह भी बताया कि वैक्सीन कम हैं।
वैक्सीन समाप्त होने की जानकारी से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वैक्सीन आने के बाद बुधवार को टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा।
-डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी कोसीकलां।