मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेश पर बॉलीवुड अभिनेत्री और मथुरा की सांसद हेमामालिनी की सुरक्षा में हुई चूक पर रेलवे ने स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया है। यहां सांसद के निरीक्षण के दौरान उनके सामने सांड़ आ गया था। सुरक्षाकर्मियों ने जैसे-तैसे उन्हें बचाया।
बता दें कि तीन दिन पहले मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर धार्मिक चलचित्र, स्क्रीन और पेंटिंग लगाने के लिए सांसद हेमामालिनी स्थान चयनित करने आई थीं। इस दौरान उन्होंने जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण किया।
यहां प्लेटफार्म नंबर एक पर सांसद हेमामालिनी को राधाकृष्ण की रासलीला और अन्य लीलाओं के चलचित्र व स्क्रीन सहित पेंटिंग के लिए स्थान चयनित करने थे। उनके साथ रेलवे अफसर, आर्किटेक्ट व अन्य लोग भी थे।
मथुरा
- फोटो : SELF
इसी दौरान सांसद के रास्ते में अचानक सांड़ आ गया। हालांकि सांसद के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचा लिया लेकिन इस मामले की रिपोर्ट एनसीआर मुख्यालय तक पहुंची। इसमें स्टेशन मास्टर की लापरवाही सामने आई।
इस पर कदम उठाते हुए रेलवे ने स्टेशन मास्टर केएल मीणा को निलंबित कर दिया है। डीआरएम के पीआरओ संचित त्यागी ने बताया कि स्टेशन मास्टर केएल मीणा की जगह पीएल मीणा प्रभार देखेंगे।
पहले भी हुए सांड़ के हमले
चारों ओर से खुले मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइन से लेकर प्लेटफार्म व रेलवे ओवरब्रिज पर सांड़ घूमते रहते हैं। दो माह पूर्व हाथरस के एक वृद्ध व राजस्थान के करौली जनपद की महिला के साथ आए बच्चे को सांड़ ने घायल कर दिया था।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ऐसे में स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर रेलवे ने इसे स्टेशन मास्टर की लापरवाही माना। डीआरएम के पीआरओ संचित त्यागी ने बताया कि जंक्शन पर सांड़ घूमने से रोकने को प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।